नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना के मरीजों का कुल आंकड़ा 7.5 लाख के पार हो गया है। वहीं केंद्र सरकार इस बात का दावा कर रही है कि देश में अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। इस बात को आज एक बार फिर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा।
केंद्रीय कैबिनेट का फैसला: नवंबर तक जरूरतमंदों को मिलेगा फ्री राशन
उनका कहना है कि, ‘आज हमारी चर्चा के दौरान, विशेषज्ञों ने फिर कहा कि भारत में कोई सामुदायिक प्रसारण नहीं है। कुछ स्थानीय पॉकेट हो सकते हैं, जहां ट्रांसमिशन अधिक हैं, लेकिन एक देश के रूप में कोई कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है।’ डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि आज हमारा रिक्वरी रेट 62.08 फीसदी है, हमारे देश की मृत्यु दर दुनिया में सबसे कम है जो कि 2.75 प्रतिशत है। विशेषज्ञों ने बताया कि भारत में आज तक कोई कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हुआ है।
आपको बतादें कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 24,879 मामले सामने आए और इस वायरस से 487 मरीजों की मौत भी हुई है। जानकारी के लिए बता दें कि अब भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,67,296 हो चुकी है। इसमें 2,69,789 केस फिलहाल एक्टिव हैं। अभी तक 4,76,378 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।