शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने थाना सदर बाजार क्षेत्र में लव जिहाद के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेकिन इस दौरान धरने में शामिल एक शख्स पर भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने छेड़खानी का आरोप लगाकर उसे पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन महिला ने उसे चप्पल से पीट दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
सदर बाजार की घटना
यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की है। यहां VHP का लव जिहाद को लेकर धरना प्रदर्शन हो रहा था। प्रदर्शन में भाजपा की तमाम महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुई थीं। आरोप है कि तभी प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने एक भाजपा महिला कार्यकर्ता के साथ छेड़खानी कर दी। इससे नाराज महिला ने पुलिस के सामने आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन महिला ने उसे पीटना नहीं छोड़ा। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई न करने की बात कहकर छुड़ाया
इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि, धरना प्रदर्शन में महिला और युवक दोनों शामिल थे। तभी दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ। लेकिन बाद में कोई कार्रवाई न करने की बात करते हुए उसको छुड़ा लिया।