क्राइम डेस्क। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से हड़कंप मच गया है। यहां एक परिचित युवक ने ही घास काटने गई महिला की गला दबाकर हत्या कर दी है। हत्या, छेडख़ानी व दलित उत्पीडऩ का केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके भाई को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से ही गांव में मातम पसरा है। ये घटना बांसगांव के भुसवल खुर्द गांव की है।
छानबीन में पता चला कि सोमवार की सुबह फोन पर राजकुमारी की बात हत्यारोपित मुकेश से दो बार हुई थी। काल डिटेल की छानबीन करने पर पता चला कि दोनों के बीच पुरानी जान पहचान थी। मुकेश के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
गांव के जितेंद्र की 32 वर्षीय पत्नी राजकुमारी सोमवार सुबह नौ बजे पशुओं के लिए घास लेने को खेत की ओर गई थी। रोजाना वह घास लेकर एक घंटे में चली आती थी। सोमवार को 11 बजे तक न लौटने पर बेटी रंजना व संजना उसे ढूंढते हुए खेत की ओर निकल गई। करमहिया नाले के पास पहुंची तो मां को मृत पड़ा देख शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के कुछ और उसके पिता जितेंद्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
खबर मिलते ही एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी साउथ एके सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। जितेंद्र ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि गांव का मुकेश गुप्ता ने अपने साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया है। वह उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। तीन दिन से उसके साथ छेडख़ानी कर रहा था।
एसएसपी गोरखपुर जोगेंद्र कुमार ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस की मदद से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल हो रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।