पटना. बेगूसराय में 6 दिनों से लापता युवक की बरामदगी नहीं होने से नाराज लोगों ने बलिया थाने पर चढ़कर जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने को घेर लिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण बलिया थाना के सामने मुख्य बाजार करीब 3 घंटों तक जाम रहा, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और 24 घंटे के अंदर राजेश की बरामदगी का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया।
परिजनों का कहना है कि 3 फरवरी की शाम राजेश को किसी ने फोन पर बुलाया, इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिला तो 4 फरवरी को घरवालों ने पुलिस के पास आवेदन देकर राजेश की बरामदगी की गुहार लगाई। लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों ने कहा कि 7 फरवरी को हमलोग फिर से थाने गए। तब जाकर पुलिस ने FIR दर्ज की। लेकिन 6 दिन बीत जाने के बावजूद थी राजेश अबतक घर नहीं लौटा है। आशंका है कि राजेश की हत्या कर दी गई।
प्रशिक्षु DSP सह थानाध्यक्ष डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद के अनुसार FIR दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है। राजेश ट्रैक्टर चालक है। घरवालों ने जिस युवक पर शक जताया है, उसकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस दोनों के कॉल डिटेल को भी खंगाल रही है। जल्द ही राजेश की बरामदगी हो जाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि राजेश की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। 3 फरवरी की शाम अचानक एक शख्स का फोन आने से बाद वह घर से बाहर चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। पुलिस को इस मामले को गंभीरता से ले। फोन पर जिस युवक ने बुलाया था पुलिस उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।