लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर और सीओ सहित आठ पुलिस वालों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के परिवार के पक्ष में BJP MLC मैदान में उतर गए हैं। विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार को पत्र लिखकर विकास दुबे के परिजनों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे के परिवार के सदस्यों को लेकर MLC ने आरोप लगाया कि पुलिस इनसे लगातार पैसों की वसूली में लगी है। पैसे न देने के स्थिति में परिवार के लोगों को बेवजह प्रताड़ित कर रही है।
उमेश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से मिलकर आरोप लगाया है कि पुलिस विकास दुबे के परिवार में महिलाओं और बच्चों को भी प्रताड़ित कर रही है। MLC के मुताबिक उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि दीपू दुबे और उनके परिवार को पुलिस बेवजह परेशान कर रही है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी दिया है। MLC के अनुसार इस मामले में मुख्यमंत्री योगी ने आश्वाशन दिया है कि कोई भी निर्दोष गलत नहीं फंसाया जाएगा।
ब्राह्मण उत्पीड़न को लेकर उठा चुके हैं आवाज
BJP MLC उमेश द्विवेदी अखिल भारतीय ब्राह्मणोंत्थान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। ब्राह्मण उत्पीडऩ को लेकर आवाज उठाने को लेकर वह लगातार चर्चा में रहे हैं। उमेश द्विवेदी ने लिखा है कि अंजली दुबे ने प्रार्थनापत्र दिया है, जो इस पत्र के साथ संलग्न है, उस का अवलोकन करने का कष्ट करें। यह बिकरु कांड के बाद निर्दोष पति-पत्नी पर पुलिस के अनर्गल केस को समाप्त करने के संबंध में है।