फर्स्ट आई न्यूज डेस्कः
जौनपुर:शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी नदीम जावेद की तबीयत खराब हो गई थी। किसी तरह एयर एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल नदीम जावेद की तबीयत में सुधार आ रहा है। जल्द ही वो जौनपुर चुनाव प्रचार में वापस आएंगे।
अचानक खराब हुई थी तबीयत
शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस प्रत्याशी नदीम की हालत बिगड़ गई। प्रचार के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होते देख उनके सहयोगी उन्हें निजी अस्पताल में ले गए। अस्पताल में दिखाने के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
एयर एंबुलेंस से गए दिल्ली
तबीयत में सुधार न होता देख नदीम को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया। गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में नदीम जावेद को भर्ती कराया गया। नदीम की जांच और हेल्थ मॉनिटरिंग मेदांता में चल रही है। फिलहाल उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है।
थकान और तनाव से खराब हुई थी तबीयत
नदीम जावेद के सहयोगी और चुनाव प्रभारी ने बताया, चुनाव प्रचार-प्रसार में थकान और तनाव के चलते नदीम की तबीयत खराब हो गई थी। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। स्वास्थ्य में सुधार न देखने पर उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया, सुबह से लेकर देर रात तक चुनाव प्रचार में नदीम भाग दौड़ कर रहे थे। इस वजह से तबीयत खराब हो गई थी।
कार्यकर्ताओं ने संभाली कमान
नदीम जावेद के उपचार के लिए दिल्ली जाने के बाद से कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में कमान संभाल ली है। कांग्रेस पार्टी के विभिन्न फ्रंटल अलग-अलग क्षेत्र में प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। वहीं दूसरी तरफ कई बड़े कांग्रेसी नेताओं ने भी जौनपुर में डेरा डाल दिया है। पॉकेट सेक्टर बनाकर अलग-अलग क्षेत्र में बड़े नेता प्रचार प्रसार कर रहे हैं। लखनऊ मध्य की कांग्रेस प्रत्याशी सदफ जफर भी चुनावी प्रचार में आई हुई हैं।