नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने साल 2021 में होने वाले 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। पश्चिम बंगाल, असम, केरल ,तमिलनाडु के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही सभी पाचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होंगे। वहीं असम में तीन चरण में और केरल, पुडुचेरी व तमिलनाडु में एक-एक चरण में विधानसभा चुनाव होंगे।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि मतदान से लेकर परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू होकर 2 मई तक चलेगी। 2 मई को पांचों राज्यों के नतीजे आ जाएंगे। चुनाव के दौरान सुरक्षा का व्यापक बंदोबश्त किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल (West Bengal Assembly Election)
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। चुनाव आयोग के अनुसार बंगाल में अजय नाईक चुनावी पर्यवेक्षक होंगे। यहां 2016 में 77,413 चुनाव केंद्र थे अब 1,01,916 चुनाव केंद्र होंगे। यहां ममता बनर्जी की नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार है। पिछले चुनाव में टीमसी को सबसे ज्यादा 211, कांग्रेस को 44, लेफ्ट को 26 और भाजपा को तीन सीटों पर जीत मिली थी। 30 मई 2021 विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा।
असम (Assam Assembly Election)
असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं। बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है। चुनाव आयोग के अनुसार असम में 2016 विधानसभा चुनाव में 24,890 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 33,530 होगी। वर्तमान में यहां भाजपा की अगुआई में एनडीए की सरकार है। सर्वानंद सोनोवाल यहां के मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में भाजपा 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। 60 में उसे जीत मिली थी। असम गण परिषद 30 में से 14 में जीत दर्ज की थी। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 13 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस 122 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और महज 26 सीटों पर सिमट गई थी। 31 मई को कार्यकाल खत्म हो रहा।
केरल (Kerala Assembly Election)
केरल में 140 विधानसभा सीटें हैं। चुनाव आयोग के अनुसार केरल में पहले 21,498 चुनाव केंद्र थे, अब यहां चुनाव केंद्रों की संख्या 40,771 होगी। फिलहाल यहां पिनाराई विजयन की अगुआई वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की सरकार है। पिछले चुनाव में यहां एलडीएफ को 91, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को 47 सीटें मिली थीं। एक जून को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा। पढ़ें पूरी खबर
तमिलनाडु (Tamil Nadu Assembly Election)
तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटें हैं। चुनाव आयोग के अनुसार तमिलनाडु में 2016 विधानसभा चुनाव में 66,007 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 88,936 होगी। वर्तमान में यहां इ पलानीस्वामी की अगुआई ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कणगम (AIADMK) की सरकार है। भाजपा का उसके साथ गठबंधन है। पिछले चुनाव में एआइएडीएमके को 136 और मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके को 89 सीटों पर जीत मिली थी। 31 मई 2021 को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा।
पुडुचेरी (Puducherry Assembly Election)
पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटें हैं। यहां राष्ट्रपति शासन लागू है। पिछले दिनों कांग्रेस-डीएमके गठबंधन वाली सरकार गिर गई थी। वी नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सोमवार को विश्वास मत से पहले इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के कई विधायकों के इस्तीफा देने के बाद सरकार अल्पमत में आ गई थी। पिछले चुनाव में कांग्रेस को 21 में से 15 सीटें मिली थीं। बहुमत के लिए 16 सीटों की जरूरत।