गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। कोई सिर पर सिलेंडर उठाकर चल रहा था तो किसी ने पैदल बाइक धकेलते हुए अपना विरोध जताया। कोई हाथ में सरकार विरोधी पोस्टर लेकर विरोध जताया। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में चेतना तिराहा पहुंचकर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल तक जाने की कोशिश की तो मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने वहीं रोक दिया। जिससे नाराज कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए। और सरकार विरोध नारेबाजी करने लगे।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इं. अभिजीत पाठक शानू ने कहा कि आए दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। कुछ दिन पहले रसोई गैस के दामों में भी इजाफा कर दिया गया। केंद्र की सरकार को गरीबों और नौजवानों की चिंता नहीं है। श्रीलंका हमसे गैस खरीदकर 57 रुपए प्रति लीटर बेचता है। यहां पर तेल की कीमत 100 के पार होती जा रही है। सरकार ये सोच रही है कि वे दोबारा सत्तार में नहीं आएंगे, इसलिए जितना जमाखोरी करना है कर लें। ये सीधे-सीधे जमाखोरी का मामला है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि चेतना तिराहा से टाउनहाल तक जाना था, लेकिन, सरकार को यूथ से पता नहीं क्याो डर है कि उन्हें रोक दिया गया है। आज पेट्रोल-डीजल का दाम प्रति बैरल का दाम आधे से कम है। इसके बावजूद दाम आसमान छू रहे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्ताव ने बताया कि यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने बाइक और सिलिंडर लेकर प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। इस तरह के किसी भी तरह के प्रदर्शन की प्रशासन की ओर से कोई परमिशन नहीं दी गई है, इसलिए इन लोगों को यहां पर रोक दिया गया है। इन्हें समझाया जा रहा है कि ये लोग किसी भी तरह का ज्ञापन देना चाहते हैं, तो दे सकते हैं। उन्हों ने कहा कि इनकी बात को ऊपर तक पहुंचाया जाएगा। उन्हों ने कहा कि ये लोग नहीं मानते हैं, तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।