क्राइम डेस्क. उत्तर प्रदेश के जालौन की एक सब्जी मंडी में देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है, इससे 10 व्यापारियों की दुकानें जल गई। इस आग से दुकानों में रखा लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया। इस आग को जब आस-पास के लोगों ने देखा, तत्काल इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।
लोगों ने पहले बुझाने का किया प्रयास
देर रात को जब लोग अपने अपने घरों में सोए हुए थे, तभी कुठौंद की सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई। इस आग से दुकान धू-धू कर जलने लगी। बांस-बल्ली और टाट से बनी दुकानों में आग ने तेजी पकड़ ली। जिसे आसपास के लोगों ने देखा तो वह घबरा गए और उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास किया। आग के विकराल रूप धारण करने के बाद इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग को कड़ी मशक्कत करने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस के साथ मिलकर बुझाया। वहीं आग लगने के कारणों की पता अभी नहीं चल पाया है।