अयोध्या. नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन के बीच बीकेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत गुरूवार सुबह अयोध्या पहुंचे। नरेश टिकैत ने पहले हनुमानगढ़ी, फिर उसके बाद रामलला के दर्शन किए। इस दौरान टिकैत ने कहा पहली बार यहां आने का मौका मिला है। हमने कामना की है कि भगवान श्रीराम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सद्बुद्धि दें। इससे वे देश के किसानों की समस्याओं को समझ सकें। नरेश टिकैत ने किसान आंदोलन पर कहा कि यह अभी लंबा चलेगा। हम पश्चिम बंगाल भी जाएंगे और लोगों से अपील करेंगे किसी को वोट दो, लेकिन BJP को न दें।
संशोधन की जरूरत हो तो करे सरकार
नरेश टिकैत ने कहा कि हमें आंदोलन से उठने का मौका नहीं मिल रहा है। हम उन किसानों को क्या जवाब देंगे जो हमारे साथ हैं। सुप्रीम कोर्ट उठाना चाहे तो उठा दे। किसान संयुक्त मोर्चा के साथ सरकार वार्ता करे। कृषि कानूनों में संशोधन की जरूर हो तो वह भी करे। किसानों पर दर्ज मामले वापस हो। हम चाह रहे हैं कि बातचीत सही हो। दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।
हम पश्चिम बंगाल भी जाएंगे
नरेश टिकैत ने कहा कि यहां राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। इसमें हम लोग भी सहयोग करेंगे। सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है तो अब रामलला की बात सुनेगी। राम के नाम पर इन्हें वोट मिला। सरकार बनी। हम लोग भी भगवान श्रीराम के हैं तो यह लोग हमारी बात को क्यों नहीं मान रहे हैं? सरकार ईमानदारी से हमसे बात करें। अपने भावी कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए टिकैत ने कहा हम पश्चिम बंगाल भी जाएंगे और लोगों को बताएंगे की किसी को भी वोट दो लेकिन भाजपा को नहीं। इनकी कथनी और करनी में अंतर है।