क्राइम डेस्क. न्यू आगरा क्षेत्र से बुर्का पहनाकर अगवा की गई किशोरी पुलिस ने दिल्ली के पेइंग गेस्ट (पीजी) हाउस से सोमवार रात को बरामद कर ली। वह अपने दोस्त ग्वालियर निवासी दिव्यांशु और उसके साथी दिल्ली के रिंकू के साथ चली गई थी। पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद इसका खुलासा किया है। किशोरी के दोस्त को साइबर क्राइम के मामले में ग्वालियर पुलिस ने जेल भेजा है। वहीं उसके साथी रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 23 फरवरी को बुआ के घर से न्यू आगरा क्षेत्र स्थित अस्पताल में दवा लेने आई थी। उसे अस्पताल से ही अगवा करने का आरोप लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में पठानी सूट और सिर पर टोपी लगाए युवक उसे बुर्का में ले जाता हुआ नजर आया था।
इस मामले में पुलिस को अभी मुख्य आरोपी की तलाश है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापे मारे रही है। कुछ लड़कों को पुलिस ने हिरासत भी में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि लड़की 23 फरवरी को आगरा के एक अस्पताल में दवा लेने गई थी। परिवारवालों का आरोप है कि वहीं से एक लड़के ने बुर्का पहनाकर लड़की का अपहरण कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में वह लड़की के साथ जाता दिखाई दिया। परिजनों ने लड़के के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।
ऐसे मिला सुराग
आईजी रेंज ए सतीश गणेश ने बताया कि चार दिन बाद एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसमें किशोरी को युवक एक ऑटो में बैठाकर ले जा रहा था। पुलिस ने ऑटो को खोज लिया। चालक ने किशोरी को भगवान टाकीज पर उतारा था। वहां से एक कार में बैठ गई थी। पुलिस को कार का नंबर मिल गया था। कार चालक से पूछताछ के बाद पता चला कि उसने किशोरी को दिल्ली के तिलक नगर में छोड़ा था।
कार बुक कराने वाले युवक के बारे में भी जानकारी हो गई थी। सोमवार रात को पुलिस दिल्ली के तिलक नगर पहुंची। वहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे युवाओं के पीजी हाउस में रुकने की जानकारी ली। एक सप्ताह का रिकॉर्ड चेक किया। एक पीजी हाउस से पुलिस ने अगवा किशोरी बरामद कर ली। इस पर उसे आगरा ले आए।