क्राइम डेस्क. संगम नगरी प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भारतीय सेना के एक हवलदार की हत्या से हड़कंप मच गया है। सेना के हवलदार की हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पूरी घटना धूमनगंज थाना क्षेत्र के टीपी नगर इलाके में देर रात एसटीपी के पास सूखे तालाब की है. शुक्रवार शाम को अपनी कार से हवलदार आशुतोष सिंह जान पहचान की एक महिला के साथ टहलने और उसे समोसा खिलाने निकले थे. रात लगभग 10 बजे महिला ने ही आशुतोष सिंह के परिजनों को सूचना दी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गये हैं.
धूमनगंज थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर मोहल्ले में रहने वाले आशुतोष कुमार थलसेना में हवलदार पद पर तैनात थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में थी। करीब दो माह पहले वह छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर जाना था। पिता अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे उनकी बहू के पास एक महिला का फोन आया। उसने बताया कि कुछ लड़कों ने आशुतोष को ईंट-पत्थर से मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
महिला के खिलाफ हत्या की साजिश का आरोप
जानकारी मिलते ही अशोक कुछ लोगों के साथ कंहईपुर मोहल्ले में पहुंचे तो आशुतोष कार की पिछली सीट पर मरणासन्न की हालत में पड़े थे। आनन-फानन में घरवाले उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम छा गया। धूमनगंज पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसके बाद पिता अशोक ने एक महिला के खिलाफ हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
यह भी आरोप है कि महिला घटना के दौरान आशुतोष के साथ थी। उसने पूछने पर बताया कि समोसा खाने के लिए निकली थी, तभी रास्ते में बैठे युवकों ने हार्न बजाने पर विवाद किया और फिर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि प्रथम दृष्टया हार्न बजाने को लेकर मारपीट होने पर फौजी को चोट आई, जिससे उसकी मौत हुई। आरोपितों की तलाश की जा रही है।