बॉलीवुड डेस्क. 90 के दशक की एक्ट्रेस और सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली (Somy Ali) ने हाल ही में चौंका देने वाला खुलासा किया है। पीपिंगमून से बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया कि महज 5 साल की उम्र में उनके घर के सर्वेंट क्वार्टर में नौकर द्वारा उनके साथ शारीरिक शोषण किया गया था। जब इस बारे में उन्होंने अपने परिजनों को बताया तो उन्हें किसी और से इस बात का जिक्र ना करने की सलाह दी गई, लेकिन साथ ही आरोपी के खिलाफ एक्शन भी लिया गया। 9 साल और 14 साल की उम्र में उनके साथ दोबारा ऐसा ही हुआ।
फिलहाल सोमी (Somy Ali) नो मोर टियर नाम का एक एनजीओ चलाती हैं जिसके जरिए वो घरेलू हिंसा के शिकार लोगों और रेप विक्टिम की मदद करती हैं। सोमी अली (Somy Ali) से पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स अपने साथ हुए यौन शोषण और छेड़छाड़ की घटानाओं का खुलासा कर चुके हैं। आइए जानते हैं कौन हैं वो सेलेब्स-
सोफिया हयात (Sofia Hayat)
ब्रिटिश की पॉपुलर एक्ट्रेस और बिग बॉस की कंटेस्टेंट रह चुकीं सोफिया हयात (Sofia Hayat) भी बचपन में शारीरिक शोषण का शिकार हो चुकी हैं। सोफिया (Sofia Hayat) के साथ गंदी हरकतें करने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि उनका ही एक करीबी रिश्तेदार था। एक्ट्रेस की मानें तो वो आज भी इस दर्द से बाहर नहीं आ पाई हैं।
रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty)
इन दिनों सुशांत मामले के चलते सुर्खियों में चल रहीं रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) शारीरिक शोषण झेल चुकी हैं। एक दिन लिफ्ट में एक उम्रदराज शख्स ने उनके साथ घटिया हरकतें करने की कोशिश की थी लेकिन मार्शल आर्ट्स के जरिए रिया अपना बचाव करने में कामयाब हो गई थीं। गंदी हरकतें करने वाले शख्स को एक्ट्रेस के अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद किया गया। बाद में उस शख्स के खिलाफ कार्यवाही की गई थी।
दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone)
बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) महज 14-15 साल की उम्र में छेड़छाड़ का शिकार हुई हैं। एक्ट्रेस ने इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि एक शाम वो अपने परिवार के साथ डिनर करके लौट रही थीं तब रास्ते में एक शख्स ने उनपर बुरी तरह हाथ फेरा था। पहले तो दीपिका ने इसे नजरअंदाज किया लेकिन बाद में परिवार से बचते हुए एक्ट्रेस ने उस शख्स का पीछा किया और उसे जोरदार थप्पड़ लगाया था।
सुष्मिता सेन (Sushmita Sen)
मेक योर सिटी सेफ इवेंट के दौरान सुष्मिता सेन (Sushmita Sen) ने बताया कि एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान एक शख्स उन्हें बुरी तरह छू रहा था। जब एक्ट्रेस ने उसका हाथ पकड़कर आगे खींचा तो देखा कि ये गंदी हरकत करने वाला शख्स एक 15 साल का बच्चा है। पहले तो एक्ट्रेस ये देखकर शॉक हो गईं लेकिन बाद में वो उस बच्चे को किनारे ले गईं और समझाया कि अगर मैं इस बात कि शिकायत करती हूं तो तुम्हारी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी।
सोनम कपूर (Sonam Kapoor)
राजीव मसंद को दिए एक इंटरव्यू में सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने बताया कि 13 साल की उम्र में उनको फिजिकली असॉल्ट किया गया है। सोनम अपनी दोस्तों के साथ फिल्म देखने गई थीं जहां एक आदमी ने उनके ब्रेस्ट पर हाथ रख दिया था। ये देखकर सोनम काफी डर गई थीं और रोने लगी थीं। सोनम ने बताया कि उन्होंने कभी इस बात की किसी से जिक्र भी नहीं किया था।
कंगना रनोट (Kangana Ranaut)
बरखा दत्त की किताब द अनक्वाइट लैंड के लॉन्च इवेंट में पहुंची कंगना रनोट (Kangana Ranaut) ने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण का खुलासा कर हर किसी को हैरान कर दिया है। एक्ट्रेस ने बताया कि करियर के स्ट्रगल से भरे दिनों में एक फिल्म इंडस्ट्री के शख्स ने उनके साथ शारीरिक शोषण किया था। बचने के लिए कंगना ने उन्हें सैंडल से मारा था। बाद में उस शख्स ने भी कंगना पर हाथ उठाया था।