लखनऊ. UP Budget 2021-22: योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने यूपी के इतिहास में अब तक सबसे बड़ा बजट पेश किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में 5,50,270 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। इसी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम और एक रिकॉर्ड जुड़ गया, वे BJP सरकार के पहले ऐसे CM हैं, जिनकी देखरेख में 5वीं बार बजट पेश किया गया। यूपी सरकार का यह बजट युवाओं, किसानों व महिलाओं पर केंद्रित है।
योगी के नाम बना नया रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में BJP की सरकारों में विभिन्न समय पर पांच मुख्यमंत्री बन चुके हैं। कल्याण सिंह दो बार मुख्यमंत्री रहे तो राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह एक-एक बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। योगी आदित्यनाथ 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री बने थे और अभी भी अपने पद पर कायम हैं।
प्रदेश में में पहली बार BJP की 1991 में सरकार बनी थी और मुख्यमंत्री का ताज कल्याण सिंह के सिर सजा था। लेकिन छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस के चलते कल्याण सिंह की सरकार को बर्खास्त कर दिया गया था। वो 1 साल 165 दिन ही मुख्यमंत्री पद पर रह सके थे। हालांकि कल्याण सिंह सरकार बर्खास्त नहीं हुई होती तो स्वाभाविक तौर पर वो अपना कार्यकाल पूरा करती, क्योंकि पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी थी।