क्राइम डेस्क. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिसकर्मी द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि पत्नी की शिकायत पर पुलिस एक युवक को पकड़कर थाने लाई थी। जहां उसे हेड कांस्टेबल ने पहले जमकर पीटा। जातिसूचक गालियां दी। इससे भी उसका मन नहीं भरा तो कैंची से युवक का प्राइवेट पार्ट काटने की धमकी दी गई। इस बीच युवक गिड़गिड़ाता रहा और दोबारा गलती नहीं करने की बात कहता रहा। मामले का संज्ञान लेकर SP ने CO को जांच सौंपी है।
दरअसल, यह पूरा मामला यमुनापार क्षेत्र के कोरांव थाने का है। यहां रहने वाले एक युवक के खिलाफ उसकी पत्नी ने शिकायत की थी। पत्नी का आरोप है कि उसका पति दारू पीता है। जब पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई तो उस वक्त भी वह नशे में था।
वीडियो में दिखी अमानवीयता
करीब 1 मिनट 29 सेकेंड के वीडियो में थाने के लॉकअप के ठीक बाहर एक हेड कांस्टेबल और एक युवक नजर आ रहा है। हेड कांस्टेबल के हाथ में कैंची है। अगले ही पल हेड कांस्टेबल युवक को जमीन पर पटक देता है और कैंची उसके शरीर में घोंपते हुए पैंट खोलने को कहता है। इस दौरान युवक उसके हाथ जोड़कर, पैर पकड़ कर विनती करता दिख रहा है लेकिन हेड कांस्टेबल अपनी अमानवीयता से बाज आता नहीं दिख रहा है। इसी दौरान हेड कांस्टेबल की हरकतों पर किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
SP यमुनापार ने CO मेजर को सौंपी जांच
SP यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि इसके बारे में मुझे जानकारी मिली है। मामले की जांच CO मेजर को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पुलिस वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।