वाराणसी. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Womens Day) के अवसर पर सोमवार को आशा ट्रस्ट और लोक समिति के बैनर तले सांसद आदर्श गांव नागेपुर में लड़कियों ने बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, महिला हिंसा और लिंग भेद के खिलाफ जन जागरूकता रैली निकाली। रैली में गांव की किशोरी, लड़कियां और आशा सामाजिक स्कूल की बच्चियों ने भाग लिया। बेटियों ने PM मोदी से नागेपुर गांव में लड़कियों के लिए इंटर कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग किया।
रैली में शामिल लड़कियों ने लगाए नारे
नहीं किसी का हो अपमान लड़का लड़की एक समान, बाबा हमको पढ़ने दो पढ़कर आगे बढ़ने दो, कन्या भ्रूण हत्या बन्द करो, बाल विवाह पर रोक लगाओ, हमको दुनिया में आने दो, अपना मान बढ़ाने दो, बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ के नारे लगाकर बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा की मांग किया। कार्यक्रम में लड़कियों ने लड़का लड़की असमानता और लैंगिक असमानता यौन उत्पीड़न, दहेज, नशा, बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाया।
रैली में शामिल एक लड़की ने कहा कि गांव में सिर्फ प्राइमरी स्कूल है और उसके आगे की पढाई के लिए 3 किलोमीटर दूर पढ़ने जाना पड़ता है। जिसकी वजह से बहुत सारी लड़कियां आगे की पढ़ाई नहीं कर पाती हैं और उनकी कम उम्र में शादी भी कर दिया जाता है। वहीं दूसरी लड़की ने कहा कि गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खेलकूद का मैदान भी नहीं है। आदर्श गांव में बेटियों को सुविधा कब मिलेगी।