लखनऊ. केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले (Ramdas Athawale) शनिवार को लखनऊ पहुंचे हैं। लखनऊ पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साधा है। अठावले ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि जब तक राहुल गांधी हैं तब तक कांग्रेस पार्टी का कुछ भला नहीं होने वाला है। उन्होंने प्रियंका गांधी के मंदिर जाने पर भी कहा कि इससे कांग्रेस को कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। यही नहीं अठावले ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि यूपी में भाजपा को उन्हें 5 से 6 सीटें देनी चाहिए।
बंगाल में हम BJP के साथ, 200 सीट जीतेगी पार्टी
रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने कहा कि कल पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया है। हम पांच राज्यों में भाजपा के साथ लड़ना चाहते हैं, लेकिन कहीं किसी राज्य में भाजपा के साथ गठबंधन न हो पाया तो हम भाजपा का साथ देंगे। उन्होंने कहा पश्चिम बंगाल में 56% दलित हैं। यहां हम भाजपा के साथ ही हैं। यहां पार्टी 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। रही बात यूपी की तो यहां बसपा से दलित नाराज है। लोग हमारी पार्टी से जुड़ना चाहते हैं। हम यूपी में भाजपा से 5 से 6 सीटों की मांग करते हैं।
रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने कहा कि यूपी में बसपा का जनाधार खिसक रहा है। अगर हमारी पार्टी को यूपी में भाजपा अपने साथ जोड़ेगी तो उसे फायदा जरूर मिलेगा।
कृषि कानूनों के संबंध में रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने कहा कि सरकार किसान विरोधी नही है। वह किसानों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में भी सरकार कृषक कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा जब सरकार कानूनों में संशोधन और रिव्यु करने की बात कर रही है तो इसे रद्द करने की मांग करना अनुचित हैं। उन्होंने कहा कृषि कानूनों पर विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। यदि ऐसे कानून रद्द होने लगा तो हर कानून पर लोग विरोध करना शुरू कर देंगे।